लखनऊ के निजी स्कूलों ने किया खेल, मान्यता कहीं की और स्कूल कहीं और चला रहे प्रबंधन

– स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग के कर्मचारियों की सांठगांठ का नतीजा, मिलीभगत से कई सालों से हो रहा खेल
Lucknow : माध्यमिक शिक्षा विभाग ने सुशीला इंटर कॉलेज को ऐशबाग में चलाने की मान्यता दी। कागजों में आज भी यह स्कूल ऐशबाग में ही दर्ज है। जबकि, इसका संचालन आशियाना में किया जा रहा है। बीते दिनों विभागीय स्तर स्कूलों की एक सूची जारी की गई। इसमें, इसका सच सामने आया है। इस पूरे खेल में शिक्षा विभाग के कर्मचारियों और स्कूल प्रबंधन की सांठगांठ से किेए जाने की बात सामने आ रही है।
राजधानी का यह पहला स्कूल नहीं है। इसके पहले यहां स्टर्लिंग पब्लिक स्कूल का मामला भी सामने आया है। इस स्कूल को माध्यमिक शिक्षा विभाग ने हिन्दनगर इलाके में चलाने के लिए मान्यता दी थी। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. मुकेश कुमार सिंह की जांच में इसे सरोजनीनगर में संचालित किए जाने का खुलासा हुआ। सूत्रों की मानें तो, करीब पांच से छह साल पहले इसकी मान्यता की खरीदफरोख्त की गई थी। सरकार की नाक के नीचे यह सारा खेल किया गया।
इसी तरह, का एक और मामला एलडीए कालोनी कानपुर रोड पर भी है। यहां जे वी आर हायर सेकंडरी स्कूल के नाम पर एक और निजी स्कूल को मान्यता दी गई थी। वर्तमान में यह आलमबाग के विजयनगर इलाके के पास संचालित किया जा रहा है।