July 11, 2021

ब्लॉक प्रमुख चुनाव: भाजपा का 80 प्रतिशत सीट जीतने का दावा, राजधानी में सात सीटों पर मिली जीत

– विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के लिए संजीवनी साबित होंगे नतीजे

– विपक्ष ने कहा सत्ता पक्ष ने किया सरकारी मशीनरी का दुरूपयोग 
लखनऊ : जिला पंचायत चुनावों के बाद भाजपा ने ब्लॉक प्रमुख चुनावों में भी जीत का परचम लहराया है। भाजपा ने 825 में से 648 सीटे जीतने का दावा किया है। 100 सीटें जीतने का दावा करने वाली समाजवादी पार्टी ने भाजपा पर चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। शनिवार को सम्पन्न हुए इन चुनावों में प्रदेश के कई हिस्सों से हिंसा, आगजनी, तोड़-फोड़ और संघर्ष की कई खबरें आई हैं। वहीं राजधानी लखनऊ में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को आठ से सात सीटों पर जीत मिली है, एक सीट निर्दलीय के खाते में गई है। पहली बार यहां सपा का खाता भी नहीं खुला है।

इससे पहले कई जिलों में बवाल, तोड़फोड़ और फायरिंग हुई, जिसमें दर्जन भर लोग घायल हुए हैं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा और आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। इटावा में एसपी सिटी को भाजपाई ने थप्पड़ मारा। वहीं, उन्नाव में पत्रकार को सीडीओ ने दौड़ाकर पीटा। औरैया के अछल्दा ब्लॉक में एसडीएम ने लापरवाही बरतने का आरोप लगाकर कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया। कानपुर देहात में चुनावी मैदान में खडे़ दो पक्षों के बीच 50 राउंड गोलियां चलीं। वहीं, प्रतापगढ़ में फर्जी वोटिंग का आरोप लगाकर सपाइयों ने पुलिस को दौड़ा लिया। बाराबंकी में तो भाजपाई आपस में ही भिड़ गए।

राजधानी में रहा भाजपा का जलवा
ब्लॉक प्रमुख चुनाव में राजधानी में भारतीय जनता पार्टी का जलवा देखने को मिला। पहली बार पार्टी यहां आठ में से सात सीटें जीतने में सफल रही। चिनहट ब्लॉक से जीती एक मात्र निर्दलीय प्रत्याशी उषा यादव को भी भाजपा के वरिष्ठ नेता जेपीएस राठौर पार्टी समर्थक बता रहे हैं। समाजवादी पार्टी के लिए यह चुनाव बहुत खराब रहा। पार्टी का राजधानी में खाता तक नहीं खुल सका।

इन्हें मिली जीत :

मलीहाबाद – निर्मल वर्मा

माल : राम देवी

मोहनलालगंज : ओमप्रकाश शुक्ल

काकोरी : नीतू यादव

सरोजनी नगर : सुनील कुमार

गोसाईगंज : विनय कुमार

बक्शी का तालाब : उषा सिंह

चिनहट: उषा यादव

ब्लाक प्रमुख चुनाव के दौरान हिंसा की कई तस्वीरें सामने आई

सपा ने 100 से ज्यादा ब्लॉक प्रमुख जीताने का किया दावा
समाजवादी पार्टी ने 100 से ज्यादा ब्लॉक प्रमुख जीताने का दावा किया है। पार्टी का कहना है कि निर्दल चुनाव जीतने वाले ज्यादातर सपा समर्थक हैं। सपा का आरोप है कि ज्यादातर जगह सपा समर्थित बीडीसी सदस्यों को मतदान में हिस्सा ही नहीं लेने दिया गया। जिला पंचायत में शिकस्त खाने के बाद सपा ब्लॉक प्रमुख चुनाव को लेकर आशंकित थी। यही वजह है कि लगातार चुनाव आयोग को ज्ञापन दिए गए।

वही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार शाम चुनाव नतीजे आने के बाद भाजपा मुख्यालय में बुलाई प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि कि पंचायत चुनाव में भाजपा की शानदार जीत मोदी सरकार के सात साल व यूपी सरकार के साढ़े चार साल के बेहतरीन कामकाज का नतीजा हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन से ही यह सब संभव हो पाया है। उनकी जनकल्याणकारी नीतियों के कारण हम लोग हर तबके तक जनहित की योजनाएं पहुंचा पाए हैं। मुख्यमंत्री के साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल आदि पदाधिकारी भी मौजूद थे।

ब्लॉक प्रमुख चुनाव
कुल सीट- 826
चुनाव हुए- 825
भाजपा (सहयोगी एवं समर्थित सहित): 648
सपा- 90
अन्य- 77
अपना दल (एस)-9, बसपा-5, कांग्रेस-4, भाकियू-2, रालोद-4, जनसत्ता दल-5, प्रसपा-3, निर्दलीय-45)

Leave a Reply

%d bloggers like this: