सफलता के लिए दृढ़ इच्छा शक्ति के साथ पढ़ाई करना जरूरी: डॉ. राजेश्वर सिंह विधायक

लखनऊ : सरोजनीनगर स्थित आर्यकुल ग्रुप ऑफ कालेज में छात्र-छात्राओं का नवागमन कार्यक्रम मनाया गया। जिसमें सरोजनीनगर के विधायक डॉ.राजेश्वर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल रहे। कार्यक्रम का शुभारम्भ मॉ सरस्वती की वंदना और राष्ट्रगान के साथ हुआ। कार्यक्रम में कालेज के प्रबंध निदेशक डॉ.सशक्त सिंह ने मुख्य अतिथि विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह का स्वागत किया साथ ही नये सत्र के छात्र-छात्राओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर भविष्य में अच्छा बनने की सलाह दी।
प्रबंध निदेशक ने आर्यकुल की स्थापना से लेकर अब तक के सफर और कालेज में संचालित फार्मा,मैनेजमेंट और एजुकेशन के कोर्सों के बारे में छात्र-छात्राओं को विस्तार से बताया।

विधायक डॉ.राजेश्वर सिंह ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं उनको ही देश को आगे लेकर जाना है। उन्होंने देश की आजादी की बात करते हुए कहा कि हमारे पूर्वजों ने अपना बलिदान देकर हमें अंग्रेजों से स्वतंत्रता दिलाई। इसके बदले में हमें उन्हें भारत को विश्वगुरू बनाकर देना है। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य आज शिक्षक और छात्र के बल पर ही है, उन्हें ही देश को नई ऊचाईयों पर लेकर जाना है। श्री सिंह ने लखनऊ के बारे में बताते हुए कहा कि इस शहर की चर्चा आज विश्व की प्रसिद्ध पुस्तकों में पढ़ने को मिलती है जो कि इस शहर के लिए गर्व की बात है। उन्होंने पहले के भारत और अब के भारत में अंतर बताते हुए कहा कि पहले की तुलना में अब औसत आयु 75 वर्ष हो गयी है जो हमारे भारत की एक उपलब्धि है। इसके साथ ही उन्होंने देश में साक्षरता के स्तर में लगातार हो रही बढ़ोत्तरी के बारे में छात्र-छात्राओं को बताया। उन्होंने बच्चों को केन्द्र में मोदी और राज्य में योगी द्वारा चलायी जा रही योजनओं की जानकारी देते हुए उन योजनओं के लाभ के बारे में बताया। इसके साथ ही श्री सिंह ने बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए सही निर्णय लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा की छात्र को सही निर्णय लेकर ही समर्पण और दृढ़ इच्छा शक्ति के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
